गौशाला में की गौ माता की सेवा, सिख मतदाताओं का भी मिला आशीर्वाद
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने गुरुवार को क्षेत्र का तूफानी दौरा किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले भी पहुंचे। यहां प्रत्याशी रिंकू सिंह के साथ उन्होंने वीर कुंवर सिंह चौक से चौक बाजार तक पदयात्रा की। पदयात्रा में रिंकू सिंह और अमरप्रीत सिंह काले के साथ काफी संख्या में लोग शामिल हुए। इनमें हर वर्ग, विशेषकर सिख समुदाय के लोग भी शामिल थे। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों व लोगों ने जगह-जगह अपनी लोकप्रिय प्रत्याशी रिंकू सिंह और अमरप्रीत सिंह काले का भव्य स्वागत किया।

इससे पूर्व प्रातः काल रिंकू सिंह अपने समर्थकों के साथ टाटा पिग्मेंट गेट के निकटस्थ जुगसलाई नगर परिषद पार्क पहुंचीं. वहां मॉर्निंग वाक कर रहे महिला-पुरुष मतदाताओं से मिल कर अपने पक्ष में क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” छाप पर मुहर लगा कर विजयी बनाने का आग्रह किया। वहां मॉर्निंग वाकर्स ने रिंकू सिंह को भारी मतों विजयी बनाने का भरोसा दिलाया।

इसके बाद रिंंकू सिंह गौ सेवा के लिए श्री टाटानगर गौशाला पहुंचीं। वहां स्थित मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना कर लोकमंगल की कामना की। तत्पश्चात गायों व बछड़ों को चारा खिलाया और गौ माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान गौशाला प्रांगण स्थित स्टाफ क्वार्टरों में जाकर वहां के लोगों से मिल कर समर्थन का आग्रह किया। यहां भी लोगों ने उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए उनके समर्थन में मतदान का विश्वास दिलाया।

दोपहर बाद प्रत्याशी रिंकू सिंह ने एमई स्कूल रोड स्थित मद्रासी मुहल्ला का दौरा किया। वहां भी घर-घर जनसंर्क कर लोगों से समर्थन और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, मुहल्ले में रिंकू सिंह जिंदाबाद के नारे लगे। इस दौरान उनके समर्थकों के साथ काफी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।













