रांची: झारखंड में प्रस्तावित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज होने के आसार हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक बार फिर इस प्रक्रिया का खुलकर विरोध किया है और इसे राजनीतिक एजेंडा करार दिया है।
शनिवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि SIR के नाम पर राजनीतिक खेल खेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की आड़ में वैध मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हो रही है, जिससे एक खास राजनीतिक दल को चुनावी फायदा पहुंचाया जा सके।
मंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं दिख रही है और राज्य सरकार तथा गठबंधन दल इसका पुरजोर विरोध करेंगे।
उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि SIR का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुचिता जरूरी है, लेकिन अगर इसका दुरुपयोग होगा तो हम चुप नहीं बैठेंगे।
राजनीतिक हलकों में इस बयान के बाद बहस और तेज होने के आसार हैं। आने वाले दिनों में SIR को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ सकता है।












