मझिआंव: गढ़वा सोमवार को मझिआंव नगर पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 7:00 से आरंभ हुआ मतदान शाम 5:00 बजे तक चला। मतदाताओं एवं प्रत्याशियों दोनों में ही खासा उत्साह देखने को मिला। एसडीएम सदर सह अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शाम 5:00 बजे तक कुल 64.35 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बताया कि विभिन्न वार्डों में स्थित मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगी रहीं।

पूरे दिन क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा मझिआंव क्षेत्र में कैंप किया गया। उन्होंने सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया तथा मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कहीं से भी अप्रत्याशित सूचना मिलने पर शिकायत अनुश्रवण के लिए बीडीओ मझिआंव कनक, रंका सीओ शिवपूजन तिवारी तथा बीडीओ बरडीहा राजेश कुमार भी फील्ड में डटे रहे। हालांकि कहीं से भी किसी अराजकता या गंभीर विधि व्यवस्था जैसी स्थिति की सूचना प्राप्त नहीं हुई। वहीं पुलिस की टीमें भी रंका एसडीपीओ रोहित कुमार और मझिआंव पुलिस निरीक्षक बृज कुमार की देखरेख में दिनभर गश्त करतीं रहीं। सेक्टर मजिस्ट्रेट, उड़न दस्ता दल व मझिआंव थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी लगातार सक्रिय रहे।
इस दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह कांडी बीडीओ राकेश सहाय व बीडीओ डंडई देवलाल करमाली भी लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर एसडीएम को सूचना दे रहे थे।
जिला निर्वाचन कार्यालय एवं राज्य निर्वाचन आयोग को समय-समय पर सूचनाएं प्रेषित करने के लिए मझिआंव अंचल कार्यालय में अस्थाई नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया था, जिसमें मार्कंडेय तिवारी उदय सिंह व प्रमोद कुमार चंद्रवंशी सहित प्रखंड और अंचल कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने बताया कि प्रशासन की सतर्कता एवं सुरक्षा बलों की तैनाती के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर उन्होंने सभी प्रत्याशियों और मतदाताओं का धन्यवाद किया।














