IND vs ENG Semi final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को क्रिकेट के दो मजबूत प्रतिद्वंद्वियों भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी, ऐसे में मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
भारतीय टीम ने अपने आखिरी सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। यह मैच लगभग क्वार्टरफाइनल जैसा था, जिसमें संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 97 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में यह विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और सेमीफाइनल का रास्ता साफ किया।
सुपर-8 के ग्रुप-1 में भारत ने तीन में से दो मुकाबले जीते और चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इस चरण में टीम को केवल एक हार झेलनी पड़ी, जो ग्रुप टॉपर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आई थी। पूरे टूर्नामेंट में भारत की यह अब तक की इकलौती हार है, क्योंकि इससे पहले ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच टीम ने जीत लिए थे।
बल्लेबाजी में सूर्या और ईशान का जलवा
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव इस टूर्नामेंट में टीम के सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए हैं। उन्होंने अब तक 231 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 38.50 और स्ट्राइक रेट 135.88 रहा है।
वहीं युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 32 की औसत और 185.12 के दमदार स्ट्राइक रेट से 224 रन बनाए हैं, जिससे भारतीय बल्लेबाजी को मजबूती मिली है।
गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती का कमाल
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती सबसे ज्यादा प्रभावी रहे हैं। उन्होंने अब तक 12 विकेट अपने नाम किए हैं और उनकी औसत 15.33 तथा इकॉनमी 7.66 रही है। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में दिखाया दबदबा
इंग्लैंड की टीम सुपर-8 के ग्रुप-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मैच जीतकर टॉप पर रही और सीधे सेमीफाइनल में पहुंची। टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने बेहतरीन नेतृत्व के साथ-साथ बल्ले से भी दमदार योगदान दिया है। ब्रूक ने टूर्नामेंट में 228 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 161.70 रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में उन्होंने अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक भी जड़ा था।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर और गेंदबाज भी फॉर्म में
इंग्लैंड के लिए लेग स्पिनर आदिल राशिद 11 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। वहीं लियाम डॉसन और जॉफ्रा आर्चर ने भी 10-10 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी है।
ऑलराउंडर विल जैक्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 206 रन बनाने के साथ 7 विकेट भी लिए हैं। उनके बेहतरीन खेल के चलते उन्हें इंग्लैंड के सात में से चार मुकाबलों में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड दोनों ही टी20 वर्ल्ड कप में दो-दो बार खिताब जीत चुकी हैं। भारत ने 2007 और 2024 में ट्रॉफी अपने नाम की थी, जबकि इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में खिताब जीता था।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का पलड़ा भारी है। दोनों के बीच खेले गए मुकाबलों में भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड 12 मैच जीत सका है।
टी20 वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिनमें भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो मैच जीते हैं। पिछले संस्करण के सेमीफाइनल में भी भारत ने इंग्लैंड को हराया था।
मौसम का हाल
मुंबई में गुरुवार को मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। दिन में तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में यह लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है और बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि गर्मी और उमस खिलाड़ियों और दर्शकों को थोड़ी परेशानी दे सकती है।
पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। वानखेड़े स्टेडियम में जिस पिच पर मैच खेला जाएगा वह लाल मिट्टी की बनी है। लाल मिट्टी की पिच पर गेंद को उछाल मिलता है और पिच पर गेंद उछलेगी और बल्ले पर आसानी से आएगी। इस पिच पर स्पिनर्स के लिए ज्यादा मदद नहीं होगी। खासकर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज इस पिच पर अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। साफ मौसम के कारण ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।
कहां देखें मैच
भारत में इस सेमीफाइनल मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। वहीं टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण Star Sports नेटवर्क के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: फिल साल्ट, जोस बटलर, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), विल जैक्स, सैम करन, रेहान अहमद, जॉफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, लियाम डॉसन, ल्यूक वुड।
दोनों टीमों के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। जो टीम दबाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही फाइनल का टिकट हासिल करेगी।














