गढ़वा: जिला मुख्यालय से सटे ग्राम जोबरईया के बंडा पहाड़ स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले विराट श्री रुद्र महायज्ञ के अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में भाग लेने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भगवान नीलकंठ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य जी महाराज के पावन सानिध्य में तथा अयोध्या धाम से पधारे कथाव्यास श्री पंकज शांडिल्य जी, काशी से आए यज्ञाचार्यों और महायज्ञ आयोजन समिति के प्रधान संयोजक राकेश पाल सहित हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर से कलश उठाया।

श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘नीलकंठ महादेव’ के जयकारों के साथ गढ़वा-मझिआंव मुख्य मार्ग होते हुए पुरानी बाजार गढ़वा स्थित दानरो नदी छठ घाट तक पहुंचे। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच पूरी यात्रा का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जलयात्रा के दौरान फूलों से सजी खुली गाड़ी में यज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य जी महाराज, महायज्ञ के प्रधान संयोजक राकेश पाल, गढ़वा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष सोनी तथा गढ़देवी मंदिर निर्माण समिति के विनोद जायसवाल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते रहे।
दानरो नदी में बनाए गए जलकुंड की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आचार्यों और आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं के सहयोग से श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे मार्ग में टैंकर से पानी का छिड़काव भी कराया गया।
कार्यक्रम में मानस मंडली इकाई गढ़वा के जिला संयोजक द्वारकानाथ पांडेय, प्रधान यजमान एवं जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल, सहायक यजमान विवेकानंद पाल, रमेश अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, रंजीत कुमार, सुरेंद्र कुशवाहा, सीताराम पाल, सत्येंद्र पाल, बिहारी पाल सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारा का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष सत्येंद्र पाल, सचिव विनय पाल, संगठन मंत्री चंदन पाल, उदय पाल, हरि पाल, बिहारी पाल, आनंद कुमार चंद्रवंशी, रोहित कुमार चंद्रवंशी, युवराज साहू, अभिमन्यु साहू, अरविंद कुमार राजू सहित क्लब के सभी सदस्यों ने यातायात नियंत्रण एवं अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
श्री रुद्र महायज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल ने सभी श्रद्धालुओं से संध्या 6 बजे आयोजित श्रीराम कथा अमृतवर्षा के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर करेंगे।












