रांची

रांची: गैंगस्टर प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट मालिक को फिर दी धमकी, बोला- अबकी बम से मारेंगे

ख़बर को शेयर करें

रांची: राजधानी रांची में शनिवार रात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लोधमा रोड स्थित कुतियातु चौक के पास बने रेस्टोरेंट ‘टीटॉस’ में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है। इस मामले में अब गैंगस्टर प्रिंस खान का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि फायरिंग की जिम्मेदारी खुद प्रिंस खान ने ली है और होटल संचालक को दोबारा धमकी भी दी है।

रांची पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना को अंजाम दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद होटल के संचालक राजकुमार गोप के मोबाइल फोन पर एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें प्रिंस खान ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली। ऑडियो में उसने साफ तौर पर कहा कि अगर रंगदारी की मांग पूरी नहीं की गई तो अगली बार होटल संचालक के घर पर बम से हमला कराया जाएगा।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने होटल टीटॉस पर अचानक पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी। इस गोलीबारी की घटना में होटल में काम करने वाले वेटर मनीष को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कई खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ऑडियो मैसेज की भी जांच की जा रही है। इधर इस घटना के बाद इलाके के होटल और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

प्रिंस खान के बारे में यह जानकारी मिली है कि वह फिलहाल पाकिस्तान में है इससे पहले वह दुबई में था। वहां बैठकर वह झारखंड में अपने गैंग का संचालन कर रहा है और बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है। झारखंड पुलिस उसके सामने बेबस नजर आ रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।