---Advertisement---

बोकारो कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; खाली कराया गया परिसर

On: March 9, 2026 3:17 PM
---Advertisement---

बोकारो: झारखंड के बोकारो में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब बोकारो व्यवहार न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा मेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। सुरक्षा को देखते हुए एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा दिया गया और आसपास के इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, तड़के न्यायालय के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ई-मेल पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ। इस मेल में दावा किया गया था कि न्यायालय परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं। साथ ही मेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का उल्लेख किया गया है और तमिलनाडु का भी जिक्र किया गया है। मेल भेजने वाले ने चेतावनी दी थी कि दोपहर 1 बजे तक कोर्ट परिसर को खाली करा लिया जाए, अन्यथा बड़ा विस्फोट हो सकता है।

ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए न्यायालय परिसर में चल रही गतिविधियों को रोक दिया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर जाने के लिए कहा गया। इसके साथ ही पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियां न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है।

एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, पुलिस अब इस ई-मेल की तकनीकी जांच में भी जुट गई है। साइबर टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरा मेल किस स्थान और किस आईडी से भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now