
गढ़वा: जिले के रमना थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा परसवान गांव के समीप फोरलेन पर उस वक्त हुआ, जब यात्रियों से भरी मैजिक वैन का अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। अनियंत्रित वाहन पुल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज निवासी हबीबन बीबी (30) और महावीरगंज निवासी राजदेव (45) के रूप में हुई है। वैन में कुल 12 लोग सवार थे। इनमें से तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
डीएक्सएन मिशन की बैठक में शामिल होकर लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री छत्तीसगढ़ से बंशीधर नगर में आयोजित डीएक्सएन मिशन की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक समाप्त होने के बाद वे मैजिक वैन से वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब 5 बजे परसवान गांव के पास वाहन का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया।
स्टेयरिंग फेल होने के बाद चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और तेज रफ्तार मैजिक वैन अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही रमना थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेजा।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह स्टेयरिंग फेल होना बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।







