तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं आसपास के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
मृत बच्चों की पहचान 6 वर्षीय आरव और उसकी 9 वर्षीय बहन दानिका के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई-बहन थे। परिजनों के मुताबिक, बच्चों ने रात में घर पर मोमोज और चाप खाई थी, जिसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चों ने अपने पिता से बाजार से मोमोज और सोया चाप लाने की जिद की थी। बच्चों की जिद के आगे झुकते हुए विशाल पास की एक रेहड़ी से मोमोज और सोया चाप लेकर आए। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों ने रात करीब 8 बजे यह खाना खाया। खाना खाने के करीब दो घंटे बाद, यानी रात लगभग 10 बजे के आसपास दोनों बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उन्हें उल्टी, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी। रात ज्यादा होने के कारण माता पिता उन्हें अस्पताल लेकर नहीं गए और उन्हें घर में रखी उल्टी रोकने की दवाई दे दी।
इसके बाद बच्चे सो गए। सुबह मां नेहा जब बच्चों को जगाने लगी तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उसने सांस चेक की तो रुकी हुई थी और दोनों के शरीर नीले पड़ चुके थे। परिजन तुरंत बच्चों को दोनों बच्चों को सिविल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, उस रेहड़ी वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसका कहना है कि उसने मोमोज बहुत से लोगों को बेचे हैं और लोगों ने खाए हैं। अगर मोमोज से तबीयत बिगड़ी होती तो बहुत से लोग अस्पताल में होते।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की मौत किन कारणों से हुई, इसका पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खाने की वजह से फूड पॉइजनिंग हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस और डॉक्टर अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों बच्चों की मौत की असली वजह क्या थी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो बच्चों की अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। आसपास के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।














