रांची: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र अब पहले तय तिथि से एक दिन पहले ही समाप्त हो जाएगा। पहले यह सत्र 19 मार्च तक चलने वाला था, लेकिन अब इसका समापन 18 मार्च को ही कर दिया जाएगा। 14 मार्च (शनिवार) को भी सदन की कार्यवाही संचालित होगी। सोमवार को सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने इसकी औपचारिक घोषणा की।
दरअसल, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में सत्र की कार्यवाही और शेष कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बजट सत्र को एक दिन पहले समाप्त किया जाएगा। साथ ही यह भी तय हुआ कि शनिवार 14 मार्च को भी विधानसभा की कार्यवाही संचालित की जाएगी।
स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत कई विधायक उपस्थित रहे। बैठक में सदन के शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को लेकर भी चर्चा की गई।











