
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में विधायक पूर्णिमा साहू के आवास के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत पर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की है। विधायक ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए प्रशासन से नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मानगो निवासी पिता और उनके मासूम पुत्र की सड़क दुर्घटना में हुई मौत अत्यंत पीड़ादायक है। एक ही परिवार के दो सदस्यों का एक साथ चले जाना बेहद मर्मांतक घटना है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विधायक ने हादसे को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद नो-एंट्री के समय भारी वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लगाई जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितनी और जिंदगियां जाने के बाद प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर जागेगा।
पूर्णिमा साहू ने प्रशासन से मांग की कि नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर तत्काल प्रभाव से कड़ाई से रोक लगाई जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी दिनों में प्रशासन की ओर से जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित और नागरिकों की सुरक्षा के लिए वह संगठन के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगी।





