
Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीती। लेकिन खिताबी जीत के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में हुआ घटनाक्रम मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा में रहा। भारतीय टीम ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं पहुंची और ड्रेसिंग रूम में ही रही।
दरअसल, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ट्रॉफी प्रदान करने के लिए मंच पर मौजूद थे। भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी के मंच पर रहने के दौरान भारतीय खिलाड़ी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शामिल नहीं हुए।
पिछले साल भी हुआ था ऐसा ही घटनाक्रम
भारतीय टीम के इस फैसले की कड़ी पिछले साल के पुरुष एशिया कप फाइनल से जुड़ी हुई है। सितंबर 2025 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीता था। उस दौरान भी भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार कर दिया था।
उस समय नकवी ACC अध्यक्ष के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन भी थे। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में भारतीय टीम ने उनसे पुरस्कार ग्रहण नहीं किया था। उस फाइनल के बाद भारत को ट्रॉफी नहीं मिल पाने का मामला भी काफी चर्चा में रहा। वह ट्रॉफी आज भी ACC कार्यालय में रखी हुई है।
फाइनल से पहले ही BCCI ने साफ कर दिया था रुख
महिला एशिया कप फाइनल से पहले ही यह सवाल उठने लगा था कि भारत के चैंपियन बनने की स्थिति में ट्रॉफी कौन प्रदान करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टूर्नामेंट से पहले ही ACC को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया था।
इसके बावजूद मोहसिन नकवी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में ट्रॉफी लेकर मंच पर मौजूद रहे। भारत के खिताब जीतने के बाद टीम का मंच पर नहीं पहुंचना इसी पहले से स्पष्ट किए गए रुख के अनुरूप माना जा रहा है।
अमोल मजूमदार ने किया टीम के फैसले का समर्थन
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने भी इस फैसले पर टीम के रुख का समर्थन किया। मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से मात दी, लेकिन मैच के बाद ट्रॉफी ग्रहण करने को लेकर लिया गया फैसला सुर्खियों में छा गया।
घटनाक्रम के बाद मोहसिन नकवी शर्मिंदा होकर स्टेडियम से रवाना हो गए। इस दौरान फैंस ने पूरे स्टेडियम में ‘ट्रॉफी चोर’ के जोरदार नारे लगाने शुरू कर दिए। इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।







