कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मंदिर के महंत के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महंत की पिटाई करने वाले लोग भी उसी मंदिर से जुड़े श्रद्धालु और स्थानीय लोग हैं। मामला कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, रावतपुर इलाके में स्थित भूतेश्वर मंदिर के महंत प्रशांत गिरी जी महाराज उर्फ गोलू महाराज का कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में महंत इंदिरा नगर स्थित एक नॉनवेज होटल में बैठकर मटन खाते हुए दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों और भक्तों में नाराजगी फैल गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि महंत मंदिर में बैठकर भक्तों को धर्म और शाकाहार का उपदेश देते थे तथा सार्वजनिक रूप से नॉनवेज खाने का विरोध करते थे। लेकिन वहीं दूसरी ओर वह चोरी-छिपे होटल में बैठकर मटन खा रहे थे। बताया जा रहा है कि होटल में मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थिति को देखते हुए महंत प्रशांत गिरी मंदिर से गायब हो गए थे। हालांकि सोमवार अचानक लोगों की नजर उन पर पड़ गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और बीच सड़क पर गिराकर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महंत को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। हालांकि मौके का फायदा उठाकर महंत वहां से निकल गए और इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया।
पुलिस के मुताबिक अभी तक महंत की ओर से इस मामले में किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि अगर महंत की ओर से तहरीर दी जाती है तो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मंदिर से जुड़े कुछ लोगों का दावा है कि महंत अभी भी लापता हैं। पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी यह घटना तेजी से वायरल हो रही है।














