रांची: राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अचानक चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार हटिया से हावड़ा जा रही क्रियायोगा एक्सप्रेस जैसे ही रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के पास पहुंची, उसी दौरान एक महिला अचानक ट्रैक पर उतर गई और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्टेशन पर तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद कुछ देर तक प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ लग गई और यात्री भी इस घटना से स्तब्ध रह गए।
फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि महिला की पहचान और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।













