जमशेदपुर: देश के महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों में से एक जमशेदपुर स्थित XLRI में मंगलवार को उसे वक्त हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के माध्यम से इसे बम से उड़ाने की धमकी मिली।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पीयूष पांडे के निर्देश पर तुरंत बिष्टुपुर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम सीएच एरिया स्थित कैंपस पहुंची। इस खबर केबाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस टीम ने एहतियात के तौर पर संस्थान के विभिन्न भवनों, कक्षाओं, हॉस्टल और लाइब्रेरी सहित तमाम संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली।पुलिस अधिकारियों ने संस्थान के छात्रों और कर्मचारियों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक अज्ञात ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ लेकिन पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मेल एक फेक आईडी के जरिए भेजा गया था।
एसएसपी पीयूष पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह ई-मेल किस आईपी एड्रेस (IP Address) से भेजा गया।
इसके पीछे किसका हाथ है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों और न्यायालयों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाएं सामने आई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने संस्थान के छात्रों और कर्मचारियों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
फिलहाल कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।











