रांची: झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज दो अलग-अलग रूप में नजर आ रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में जहां तेज गर्मी और लू की स्थिति बनने लगी है, वहीं कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रांची स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र के अनुसार 15 से 19 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
20 जिलों में तेज हवा और वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से राज्य के करीब 20 जिलों में तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। इसको देखते हुए विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले चार दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 16 मार्च को कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात की अधिक संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों में तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। वहीं 18 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है।
दूसरी ओर राज्य के पश्चिमी हिस्से में गर्मी का असर बढ़ सकता है। गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में तापमान में वृद्धि के साथ लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पलामू और लातेहार जिलों के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।










