नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारतीय ईंधन बाजार पर भी साफ नजर आने लगा है। हाल ही में एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब देश में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में भी इजाफा कर दिया गया है।
देश की प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनियों- Indian Oil Corporation (IOCL), Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) और Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) ने प्रीमियम पेट्रोल के रेट में ₹2.09 से ₹2.35 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। BPCL का Speed, HPCL का Power और IOCL के XP95 की कीमत में ₹2.09- ₹2.35 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
नई दरें 20 मार्च 2026 की सुबह 6 बजे से देशभर में लागू हो चुकी हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सामान्य (रेगुलर) पेट्रोल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
क्यों बढ़े दाम?
तेल कंपनियों के मुताबिक, इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में उछाल मुख्य वजह है। खासतौर पर होर्मुज (Strait of Hormuz) में बढ़ते तनाव ने सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति रास्तों में से एक है, और यहां किसी भी तरह की अस्थिरता का सीधा असर वैश्विक तेल कीमतों पर पड़ता है।














