IPL 2026: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक ऐसा मानवीय निर्णय लिया है, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है। जहां एक ओर सभी टीमें नए सीजन की तैयारियों में व्यस्त हैं, वहीं आरसीबी ने संवेदनशीलता अनूठा उदाहरण पेश किया है।
दरअसल, 4 जून 2025 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुखद घटना ने न केवल फैंस बल्कि पूरे क्रिकेट समुदाय को गहरे शोक में डाल दिया था।
अब इसी हादसे की स्मृति में आरसीबी और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने मिलकर एक अहम फैसला लिया है। स्टेडियम के एक प्रमुख स्टैंड की 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखा जाएगा। इन सीटों पर भविष्य में किसी भी मैच, चाहे वह आईपीएल हो, अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हो या अन्य कोई आयोजनके दौरान कोई दर्शक नहीं बैठेगा। ये सीटें उन 11 दिवंगत लोगों की स्थायी स्मृति के रूप में रहेंगी।
इसके अलावा, फ्रेंचाइजी ने स्टेडियम के प्रवेश द्वार के पास एक भव्य स्मारक बनाने का भी निर्णय लिया है। इस स्मारक का अनावरण 28 मार्च को आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच से पहले किया जाएगा।
मैच के दिन सभी 11 पीड़ितों के नाम स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जाएंगे और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा जाएगा। इस भावनात्मक पहल में टीम के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। आरसीबी के सभी खिलाड़ी अभ्यास सत्र के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनकर उन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देंगे।














