औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में एक व्यक्ति ने महज दरवाजा खोलने में हुई देरी से नाराज होकर अपने ही तीन मासूम भतीजे-भतीजियों की बेरहमी से हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी चाचा अमंत पाल ने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में बच्चों की मां अनीता देवी बाथरूम में थीं, जिसके कारण दरवाजा खोलने में थोड़ी देर हो गई। इसी बात से आरोपी गुस्से से आगबबूला हो गया।
जैसे ही दरवाजा खुला, वह घर के अंदर घुस गया और बाहर आवाज न जाए इसके लिए तेज आवाज में गाना चला दिया। इसके बाद उसने एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों को कटर मशीन से काट डाला। मृतकों की पहचान गुड्डू पाल के बच्चों के रूप में हुई है, जिनमें 10 वर्षीय अनीश कुमार, 7 वर्षीय आयुष कुमार और 5 वर्षीय अनुष्का कुमारी शामिल हैं।
घटना के बाद जब आसपास के लोगों को शक हुआ और वे घर के अंदर पहुंचे, तो वहां का मंजर बेहद भयावह था। तीनों बच्चों के शव एक ही कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं और कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी मारने की कोशिश की। वह भी घटनास्थल पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके गले से खून बह रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अविवाहित है, हालांकि उसने इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ पाया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद बच्चों की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। आसपास के लोग और रिश्तेदार उसे संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन एक मां के दिल का ये जख्म इतना बड़ा है कि उसे भर पाना आसान नहीं है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।














