Zojila Pass Avalanche: दुर्गम जोजिला दर्रे के लद्दाख स्थित हिस्से में शुक्रवार को एक भयंकर हादसा सामने आया। जहां श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक हुए भीषण हिमस्खलन की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया है और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा द्रास क्षेत्र में ‘कैप्टन टर्न’ के पास शुक्रवार दोपहर हुआ, जब अचानक भारी मात्रा में बर्फ खिसककर सड़क पर आ गिरी और वहां से गुजर रही कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि करीब 15 वाहन आंशिक या पूरी तरह से बर्फ में दब गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, भारतीय सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। इसके अलावा सोनमर्ग और द्रास के प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
बचाव कार्य के तहत भारी मशीनों की मदद से बर्फ हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है, ताकि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके। अधिकारियों के अनुसार, अभियान हाईवे के दोनों ओर से चलाया जा रहा है। कश्मीर की तरफ से सोनमर्ग और लद्दाख की ओर से द्रास से टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
द्रास के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट विशाल अत्री ने सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई वाहन अब भी बर्फ के नीचे दबे हुए हैं। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें। वहीं, हाईवे को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।











