जमशेदपुर: जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयास से परसुडीह जैसे ग्रामीण क्षेत्र के लाखों लोगों की ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होकर वर्षों की चिर परिचित मांग पूरी होने जा रही है।मकदमपुर स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर रेल ओवर ब्रिज बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए गुरुवार को रेलवे और राज्य सरकार की इंजीनियरिंग टीम ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण को लेकर विस्तृत सर्वे किया।
मकदमपुर क्षेत्र में ट्रैफिक के बढ़ते दबाव और बार-बार रेलवे फाटक बंद होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़़ता था। इसके खिलाफ कई बार रेल प्रशासन सांसद से लोग मांग करते रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सांसद बिद्युतबरण महतो ने संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसी दिशा में कार्रवाई करते हुए इंजीनियरिंग टीम नक्शे के साथ निरीक्षण करने पहुंची।
देखें ओवर ब्रिज की रूपरेखा कैसे कहां तक
प्रारंभिक बिंदु:गोलपहाड़ी काली मंदिर के सामने से ओवरब्रिज का रैंप शुरू होगा।
अंतिम बिंदु: परसुडीह मेन रोड स्थित ‘फाइव स्टार काली पूजा कमेटी’ के पास इसका समापन होगा।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजा
टीम ने सड़क की चौड़ाई, ट्रैफिक घनत्व और मार्ग में आने वाले प्रतिष्ठानों का डेटा जुटाया है। सर्वे के दौरान यह पाया गया कि निर्माण कार्य के दायरे में कई निजी मकान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आएंगे।
अब इस रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस ओवरब्रिज के बनने से परसुडीह और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों का सफर सुगम हो जाएगा।












