मझिआंव/बरडीहा:
स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों के कार्यों का जायजा लिया। बैठक प्रखंड व अंचल के पदाधिकारी, कर्मचारी, थाना प्रभारी तथा पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड एवं अंचल में व्याप्त भ्रष्टाचार, योजनाओं में पारदर्शिता की कमी और गरीबों के कार्य समय पर नहीं होने की शिकायतें उठाईं। प्रखंड के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतों में आवास एवं विकास योजनाओं की जानकारी नहीं दी जाती, जिससे जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच जवाब देना मुश्किल हो रहा है और वास्तविक लाभुकों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने में गरीबों और छात्रों को परेशान करने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। विशेष रूप से जमीन के म्यूटेशन में भ्रष्टाचार और बिचौलियागिरी पर उन्होंने नाराजगी जताई।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार और बिचौलियागिरी में लिप्त कर्मचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेताया कि यदि सुधार नहीं हुआ तो उपायुक्त से मिलकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब प्रत्येक माह प्रखंड सह अंचल स्तर पर समीक्षा बैठक होगी और अगली बैठक में जिन कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें मिलेंगी, उन पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके प्रभारी प्रखंड प्रमुख,जिला परिषद सदस्य, बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, उप प्रमुख, पंचायत मुखिया, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग कर्मी, बिजली कर्मी सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
बिचौलियों और भ्रष्टाचारियों की खैर नहीं’: समीक्षा बैठक में सख्त दिखे विधायक नरेश प्रसाद सिंह














