---Advertisement---

60 लाख की मरम्मत पर सवाल: जर्जर अस्पताल बना खतरे का घर: भाजपा का अल्टीमेटम—एक हफ्ते में सुधार नहीं तो लगेगा ताला

On: April 25, 2026 11:22 AM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। अनुमंडल अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को स्टेशन के समीप स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में नेताओं ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल में तालाबंदी की जाएगी।

भाजपा के जिला महामंत्री मुकेश चौबे ने कहा कि अस्पताल में लगातार अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व जनरल वार्ड की छत टूटकर मरीजों के बेड के पास गिर गई थी। सौभाग्य से उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसके अलावा एक रिटायर्ड सेना के जवान के बेड के पास भी छत का हिस्सा गिरने की घटना सामने आई।

उन्होंने गुरुवार रात डिलीवरी वार्ड में हुई घटना का भी उल्लेख किया, जहां जच्चा-बच्चा समेत कई लोग मौजूद थे। अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ममता देवी समेत कई लोग बाल-बाल बच गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अस्पताल की मरम्मत पर लगभग 60 लाख रुपये खर्च किए गए, तो छत इतनी जर्जर कैसे हो गई।

मुकेश चौबे ने आरोप लगाया कि खतरे को छिपाने के लिए फॉल सीलिंग लगाई गई, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में ईसीजी, अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे जैसी सुविधाएं होने के बावजूद चालू नहीं हैं, जिससे मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश चौबे ने कहा कि अस्पताल में छत गिरना अब आम बात हो गई है और यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब अस्पताल ही लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है।

भाजपा नेता लक्ष्मण राम ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बार-बार चेतावनी के बावजूद प्रबंधन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल में तालाबंदी करेंगे। साथ ही उन्होंने मरीजों के हित में अनुमंडल अस्पताल को ट्रॉमा सेंटर में स्थानांतरित करने की मांग भी की।

प्रेसवार्ता में प्रमोद चंद्रवंशी, ओमप्रकाश गुप्ता, बबन पासवान, रामगति राम सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now