हजारीबाग:बरही में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में करोड़ों के सोना और कैश लूट कांड का उद्वेदन झारखंड पुलिस और यूपी एसटीएफ की जॉइंट टीम ने कर दिया है। इस मामले में तीन को दबोचा गया है।पुलिस ने इन आरोपियों के पास से करीब एक किलो सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई की जानकारी यूपी एसटीएफ ने दी है। गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय बैंक लूट कांड गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी एसटीएफ और झारखंड पुलिस की ज्वाइंट ऑपरेशन में वाराणसी में छापामारी कर तीनों आरोपियों को दबोचा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मो. अफजल, पंकज सिंह उर्फ रौनक सिंह और सौरभ यादव उर्फ सोनू बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी लंबे समय से बैंक लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पिछले 24 अप्रैल को बरही शाखा में हुई लूट के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड पुलिस ने यूपी एसटीएफ से संपर्क किया और फिर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई। इसके बाद पुलिस को आरोपियों के वाराणसी में छिपे होने की सूचना मिली।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उनके पास से लूट का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि लगभग एक किलो सोना और 20 लाख रुपये नकद के अलावा एक कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। माना जा रहा है कि कार का इस्तेमाल वारदात और फरारी के दौरान किया गया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह ने झारखंड या अन्य राज्यों में पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
यूपी एसटीएफ ने दी कार्रवाई की जानकारी
इस पूरे ऑपरेशन को लेकर यूपी एसटीएफ ने बताया कि यह कार्रवाई झारखंड पुलिस के साथ मिलकर की गई और इसमें बड़ी सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि बरही बैंक लूट केस में यह गिरफ्तारी एक अहम कदम है और इससे पूरे मामले के खुलासे में मदद मिलेगी।










