झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद सोमवार को श्री बंशीधर नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहरी मंडल भाजपा के नेतृत्व में बस स्टैंड के समीप मुख्य मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आतिशबाजी की और जीत की बधाई दी। पूरे इलाके में पटाखों की गूंज और रंग-बिरंगे गुलाल से माहौल उत्सवमय हो गया। कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, अमित शाह जिंदाबाद, जेपी नड्डा जिंदाबाद, योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद जैसे नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने कहा कि यह जीत भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों, मजबूत संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को ही प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के लोगों के लिए काम किया है और यही कारण है कि पार्टी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है, इसलिए सभी को इसी उत्साह के साथ आगे भी जनता के बीच रहकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी भाजपा जनसेवा और विकास के एजेंडे पर काम करती रहेगी और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।
मौके पर जिला महामंत्री मुकेश चौबे, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम,अशोक सेठ, ओम प्रकाश गुप्ता, विकाश पांडेय,अजय गुप्ता, रामप्रवेश प्रसाद, महावीर विश्वकर्मा, निकू तिवारी,लाल चौबे, विवेकानंद पांडेय, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।










