झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा। मेराल प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चेड़ी दाई धाम मंदिर में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्यद्वार का ताला तोड़कर मंदिर परिसर में प्रवेश किया और दानपेटी समेत मंदिर में रखी नगदी एवं कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्यद्वार का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। बताया जा रहा है कि चोरों ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी में करीब 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है।
घटना के बाद मंदिर समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी तथा मंदिर परिसर में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच गए। लोगों की भीड़ देर तक मंदिर परिसर में जुटी रही। श्रद्धालुओं ने इसे आस्था पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मेराल थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।














