---Advertisement---

रांची में लापता मासूम अदिति का मिला शव का हिस्सा, नाले से बरामद अवशेष के बाद मचा हड़कंप

On: May 12, 2026 3:13 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता


रांची : राजधानी रांची से लापता 18 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडेय मामले में बेहद दर्दनाक मोड़ सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र से रविवार से लापता बच्ची के शव का एक हिस्सा खेलगांव स्टेडियम के सामने स्थित गाड़ी गांव के नाले से बरामद किया गया है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से अभी इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन मौके पर फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही बच्ची के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। शव का हिस्सा मिलने की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना ने राजधानी में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रविवार से लापता थी मासूम अदिति

जानकारी के अनुसार, कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के समीप खोरहा टोली निवासी 18 माह की अदिति पांडेय रविवार को अचानक घर के पास से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की थी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। स्थानीय लोग भी बच्ची की खोज में जुट गए थे। सोशल मीडिया पर भी बच्ची की तस्वीर और जानकारी तेजी से साझा की जा रही थी, ताकि जल्द से जल्द उसका पता लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने दिए थे सख्त निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री Hemant Soren ने भी पुलिस अधिकारियों को बच्ची को हर हाल में खोज निकालने का निर्देश दिया था। सरकार की ओर से बच्ची के बारे में सूचना देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। लगातार छापेमारी और आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान चलाया जा रहा था।

एनडीआरएफ और पुलिस ने चलाया अभियान

पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी। नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान खेलगांव स्टेडियम के सामने स्थित नाले से बच्ची के शव का अवशेष बरामद हुआ।

पुलिस ने शव के हिस्से को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब यह जांच की जा रही है कि बच्ची बारिश के पानी में बहकर नाले तक पहुंची या फिर घटना के पीछे कोई आपराधिक साजिश है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now