झारखंड वार्ता संवाददाता
पलामू : जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत पूर्वडीहा गांव निवासी 30 वर्षीय रंजीत दुबे ने कथित रूप से स्थायी नौकरी नहीं मिलने से तनाव में आकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना रविवार को डालटनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुई। सोमवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक ट्रेन के सामने जाता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिस कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शव को सुरक्षित रखा गया था। बाद में परिजनों द्वारा पहचान होने के बाद सोमवार सुबह एमएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग और परिजन मौजूद रहे। बताया गया कि अंतिम संस्कार गांव स्थित कोयल नदी तट पर किया जाएगा।
मृतक रंजीत दुबे, हरेंद्र दुबे के पुत्र थे। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार रंजीत पढ़ाई-लिखाई में काफी मेधावी थे। उन्होंने संत जेवियर कॉलेज रांची तथा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (वीएचयू) से शिक्षा प्राप्त की थी। अच्छी शैक्षणिक योग्यता होने के बावजूद उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही थी, जिससे वे लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे।
परिजनों के अनुसार रंजीत अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी एक बहन और एक भाई है। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। पिता खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि इतना होनहार युवक इस तरह का कदम उठा लेगा, इस पर किसी को विश्वास नहीं हो रहा है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में भी रंजीत ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उनकी जान बच गई थी। इस बार उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव और बेरोजगारी को लेकर चिंता जता रहे हैं।
स्थायी नौकरी नहीं मिलने से तनाव में युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान, गांव में पसरा मातम














