खासम ख़ासझारखंडरांची

पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के निधन पर शोक की लहर,सीएम हेमंत,गवर्नर संतोष कुमार गंगवार समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

ख़बर को शेयर करें

रांची: गोमिया से चार बार के विधायक और पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। सीएम हेमंत सोरेन गवर्नर संतोष कुमार गंगवार समेत प्रतिपक्ष नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

गंगवार ने लिखा, झारखंड के पूर्व मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक माधव लाल सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने जनसेवा एवं राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।

माधव लाल सिंह ने गोमिया विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे हैं। वे साल 1985, 1990, 2000 और 2009 में विधायक चुन गए थे। क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया। वह बिहार सरकार और झारखंड सरकार में एक-एक बार मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो समेत कई नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा, गोमिया से पूर्व विधायक, एकीकृत बिहार सरकार और राज्य गठन के बाद झारखंड सरकार में मंत्री रहे माधव लाल सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्व माधव बाबू का निधन सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। सोरेन ने कहा कि मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को यह दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

हेमंत सोरेन भी किया याद

हेमंत सोरेन ने पूर्व मंत्री स्व श्री माधव लाल सिंह जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। दिवंगत आत्मा को शत-शत नमन! मरांडी ने लिखा कि, गोमिया के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री, लोकप्रिय जननेता आदरणीय माधव लाल सिंह जी के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। उनका निधन राजनीति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सादगी और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

संजय सेठ ने भी जताया दुख

केंद्रीय मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने माधव लाल सिंह के निधन पर शोक जताया है। लिखा दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन सिर्फ गोमिया ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड के राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से पुण्यात्मा के लिए मोक्ष की कामना करता हूं। प्रभु श्रीराम उनके परिजनों और समर्थकों को शोक की इस दु:खद घड़ी से उबरने की हिम्मत दें। ॐ शांति

वहीं डुमरी विधायक और जेएलकेएम के सुप्रीमो जयराम महतो ने लिखा, गोमिया के पूर्व विधायक एवं बिहार-झारखंड सरकार में मंत्री रहे माधवलाल सिंह के दुखद असामयिक निधन पर शत-शत नमन। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जनसेवा और क्षेत्र के विकास हेतु जो योगदान दिया, उसे सदैव स्मरण किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों तथा समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति, अंतिम जोहार

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।