जमशेदपुर: झारखंड में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। उलीडीह थाना क्षेत्र में 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए एक कंपनी के सीनियर सुपरवाइजर और असिस्टेंट मैनेजर के अपहरण की खबर से सनसनी मच गई।इस बात की खबर मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मियों को उनके चंगुल से मुक्त कराया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मई की भोर करीब तीन बजे डिमना-मानगो रोड स्थित सिग्नेचर बिल्डिंग के पास बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की बोलेरो से पहुंचे पांच युवकों ने कंपनी के सीनियर सुपरवाइजर और असिस्टेंट मैनेजर को रोक लिया। आरोपियों ने उनसे 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। विरोध करने पर दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जबरन बोलेरो में बैठाकर अपहरण कर लिया गया। शिकायत के बाद विशेष टीम ने त्वरित छापेमारी कर दोनों अपहृत कर्मियों को बरामद कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में शिवा गौड़, नितेश गोप, आकाश प्रधान, देवाशीष गोप और शैलेश गोप को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक सफेद बोलेरो वाहन, एप्पल आईफोन, वीवो, सैमसंग, रियलमी और नथिंग कंपनी के स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं।








