झारखंड वार्ता संवाददाता
केतार (गढ़वा)। केतार थाना क्षेत्र के परती गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद घर से तेज दुर्गंध उठने लगी। दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद घर का दरवाजा खुलवाया। घर के अंदर का दृश्य देख वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। कमरे के भीतर 17 वर्षीय युवती आकृति कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला। मृतका गांव निवासी निर्मल सिंह चेरो की पुत्री बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार निर्मल सिंह चेरो दो-तीन दिन पहले घर आया था। इसके बाद घर में ताला बंद कर कहीं चला गया। इसी बीच घर से लगातार दुर्गंध उठने लगी, जिससे आसपास के लोगों को संदेह हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो युवती का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि युवती की हत्या कर आरोपी फरार हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है।
थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटनास्थल पर बंशीधर नगर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार, आदित्य ठाकुर, वेंकटेश शर्मा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।













