झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने एवं सुरक्षा मानकों की जांच को लेकर गुरुवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शहर के लगभग एक दर्जन होटल एवं रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान इंडियन ऑयल पलामू क्षेत्र के एरिया सेल्स मैनेजर जागेश्वर महतो भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में एलपीजी गैस सिलेंडरों के उपयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की गई। इस क्रम में केसरी रोल्स एवं कृष्ण हरि रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। वहीं विद्या स्वीट्स में कमर्शियल सिलेंडर का अनधिकृत तरीके से उपयोग किए जाने की पुष्टि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति प्रभावित होती है और सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ जाते हैं।

एसडीएम ने कहा कि शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। जरूरत के अनुसार होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को आसानी से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके लिए संबंधित गैस एजेंसी में आवेदन देना होगा। उन्होंने बताया कि नए कमर्शियल गैस कनेक्शन भी ऑन स्पॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स मैनेजर जागेश्वर महतो ने कहा कि गढ़वा शहर में पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसलिए किसी भी प्रतिष्ठान को घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील की।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि नागरिक सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस प्रकार का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।














