जमशेदपुर:परसुडीह थाना क्षेत्र बारीगोड़ा में रविवार को जमीन विवाद उस वक्त गरमा गया। जब विवादित जमीन पर कतिपय लोगों के द्वारा मजदूर लगाकर दीवार खड़ा किए जाने की खबर ग्रामीणों को मिली। इसके बाद ग्रामीण भड़क गए और खुद ही हथौड़ा चला कर दीवार को तोड़ दिया। इसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल कायम हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया। हालांकि इस मामले में पुलिस की भूमिका पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। मौके वारदात पर भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से विवादित जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और निर्माणाधीन दीवार को ध्वस्त कर दिया। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस एक पक्ष का समर्थन कर रही थी और शिकायत के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें ग्रामीणों की भीड़, टूटी दीवार और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि विवाद को लेकर पहले भी कई बार पंचायत और स्थानीय स्तर पर बातचीत हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन जमीन के दस्तावेजों और स्वामित्व से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करेंगे। खबर लिखे जाने तक किसी के घायल होने या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।











