वित्तीय सहायता से महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार का अवसर, यशोदा देवी बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल
धनबाद:मिडलैंड माइक्रोफिन लिमिटेड झारखंड में महिला उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। कंपनी माइक्रोफाइनेंस के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और स्थायी आजीविका से जोड़ने का प्रयास कर रही है। धनबाद जिले की यशोदा देवी इसकी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई हैं।
यशोदा देवी ने वर्ष 2024 में मिडलैंड माइक्रोफिन लिमिटेड से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर मिट्टी के बर्तन बनाने और बेचने का व्यवसाय शुरू किया। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी पारंपरिक कला को रोजगार का माध्यम बनाया। शुरुआत में सीमित संसाधनों के कारण उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
ऋण राशि का उपयोग कर यशोदा देवी ने एक मोटर मशीन खरीदी, जिससे उत्पादन क्षमता और काम की गति दोनों में सुधार हुआ। मशीन लगने के बाद शारीरिक मेहनत कम हुई और व्यवसाय को विस्तार देने में मदद मिली। अब वे पहले से अधिक उत्पादन कर नियमित आय अर्जित कर रही हैं।
यशोदा देवी ने कहा कि इस आर्थिक सहायता ने उनके काम को मजबूती देने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। अब वे परिवार का बेहतर सहयोग कर पा रही हैं और बच्चों की शिक्षा में भी योगदान दे रही हैं। कंपनी का कहना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उनके परिवार और समाज के विकास में योगदान देना उसका मुख्य उद्देश्य है।









