झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 एवं 17 के ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में मथुरा राम के घर से रेलवे लाइन तक संपर्क मार्ग निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से रास्ता निर्माण को क्षेत्र के विकास एवं आवागमन की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से इस रास्ते के अभाव में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से भोजपुर, भैषवेढ़वा समेत आसपास के गांवों में आने-जाने के लिए लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों एवं आम ग्रामीणों को काफी दिक्कतें होती हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस सड़क का निर्माण हो जाता है तो न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। बैठक के दौरान सामाजिक एकजुटता का परिचय देते हुए कई भूस्वामियों ने रास्ता निर्माण के लिए अपनी ओर से पांच-पांच फीट जमीन देने पर सहमति जताई। ग्रामीणों के इस निर्णय की बैठक में मौजूद लोगों ने सराहना की और इसे जनहित में बड़ा कदम बताया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह मार्ग बनने से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा तथा गांवों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही आपातकालीन स्थिति में मरीजों एवं जरूरतमंद लोगों को आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी।
बैठक में वार्ड पार्षद ओमप्रकाश चौबे, राजीव रंजन पासवान, रामकृष्ण चौबे, हृदयनाथ चौबे, कामेश्वर चौबे, सांसद प्रतिनिधि मथुरा पासवान, विजय सूरज विश्वकर्मा, महेंद्र उरांव, चंद्रवंशी, बालेश्वर ठाकुर, चंद्रदीप राम, गोपाल राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
नपं के वार्ड 16-17 के ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, रास्ता निर्माण को लेकर हुई अहम बैठक












