राजस्थान भेजने को लेकर हुआ विवाद, फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। केतार थाना क्षेत्र के परती कुशवानी गांव में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार किशोरी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता ने ही रस्सी से गला घोंटकर कर दी थी। घटना के बाद आरोपी राजस्थान भाग गया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले का खुलासा गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।
एसडीपीओ ने बताया कि 19 मई 2026 को केतार थाना क्षेत्र के परती कुशवानी गांव निवासी निर्मल सिंह के घर से दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निर्मल सिंह के पुत्र अविनाश कुमार सिंह की मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया गया। अंदर जमीन पर एक किशोरी का शव पड़ा मिला, जिसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। मृतका की पहचान निर्मल सिंह की 17 वर्षीय पुत्री आकृति कुमारी के रूप में हुई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। वहीं मृतका के भाई अविनाश कुमार सिंह के फर्द बयान के आधार पर केतार थाना कांड संख्या 28/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी निर्मल सिंह घटना के बाद राजस्थान भाग गया है तथा जमानत कराने के उद्देश्य से नगर उंटारी कोर्ट आने की तैयारी में है।
एसडीपीओ ने बताया कि 27 मई को तकनीकी सहायता एवं मानवीय सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कोन क्षेत्र से होकर खरौंधी के रास्ते नगर ऊंटारी की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खरौंधी थाना क्षेत्र के बजरमारवा के पास घेराबंदी की। इसी दौरान निर्मल सिंह को पैदल आते देखा गया। पुलिस वाहन देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपनी बेटी की शादी राजस्थान में रहने वाले एक युवक से कराना चाहता था, जहां वह पहले मजदूरी करता था। लेकिन उसकी बेटी वहां शादी करने को तैयार नहीं थी और गांव में ही रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने रस्सी से गला घोंटकर बेटी की हत्या कर दी।
इस रूपों ने बताया कि आरोपी निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।
प्रेसवार्ता में भवनाथपुर पुलिस इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, श्री बंशीधर नगर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, पुअनि चंदन कुमार साह, आदित्य कुमार ठाकुर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।













