जमशेदपुर: कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित मजार के पीछे रंगदारी को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। बदमाशों द्वारा जमीन मालिक पर गोली चलाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है।पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। इस मामले में सलमान, बल्लू, जंबू बच्चा और सद्दाम समेत कई लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, जमीन मालिक अफसर नवाज अपनी निजी जमीन पर चाहरदीवारी का निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान 8 से 10 की संख्या में पहुंचे कुछ युवकों ने कथित तौर पर उनसे रंगदारी की मांग की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली अफसर नवाज के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।










