झारखंड वार्ता संवाददाता
पटना: राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार को चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोचिंग संस्थान के बाहर पहले किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई, जिसके बाद गोली चलने की घटना सामने आई। इस दौरान सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पटना के पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल सुरक्षा गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद खान सर भी मौके पर पहुंचे और मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे किसी प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों के चयन के बाद कुछ लोग असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व आए और गार्डों के साथ मारपीट करने लगे।
“गरीब छात्रों को भी अच्छी शिक्षा पाने का अधिकार है। हमारी कम फीस और अच्छे परिणाम से कुछ लोग परेशान हैं। घटना से जुड़े लोगों की पहचान कर ली गई है।” — खान सर
खान सर ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और बाद में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। घायल गार्ड ने भी कथित तौर पर कुछ लोगों की पहचान की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
पटना में खान सर के कोचिंग के बाहर फायरिंग से हड़कंप, सुरक्षा गार्ड घायल














