डीसी के निरीक्षण में अनुमंडल के कई कर्मी अनुपस्थित, कार्रवाई करने का निर्देश
व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जवाबदेही जरूरी : डीसी
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी पशुपतिनाथ मिश्रा ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान बुधवार को अनुमंडलीय अस्पताल तथा अनुमंडल कार्यालय श्री बंशीधर नगर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल और कार्यालय की कार्यप्रणाली, साफ सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनुमंडलीय अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में साफ सफाई व्यवस्था को संतोषजनक नहीं पाया। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग सामग्री, जांच उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों को अव्यवस्थित तरीके से रखा गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सुचित्रा कुमारी को सभी सामग्रियों को व्यवस्थित रखने तथा अस्पताल परिसर में नियमित रूप से साफ सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अस्पताल में उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों को व्यवस्थित तरीके से रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही अस्पताल परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में मरीज भर्ती वार्ड एवं महिला वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गई। हालांकि अस्पताल के कार्यालय कक्ष, प्रयोगशाला (लैब) एवं गलियारों में सफाई व्यवस्था में कमी देखने को मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं अस्पताल में चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

इसके बाद उपायुक्त ने श्री बंशीधर नगर स्थित अनुमंडल कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अधिकांश कर्मी अपने-अपने कार्यस्थल पर मौजूद मिले तथा कार्यालयी कार्य सामान्य रूप से संचालित पाया गया। हालांकि निरीक्षण के दौरान अमरजीत कुमार सिंह (अनुसेवक) एवं संतोष कुमार पासवान (जीप चालक) अनुपस्थित पाए गए। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि सरकारी कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन, साफ-सफाई और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी कर्मियों को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी संस्थानों में नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कार्य संस्कृति में निरंतर सुधार लाकर जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के मौके पर डीसीएलआर दिनेश कुमार गोप, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत कई कर्मी मौजूद थे। उधर डीसी के निरीक्षण को लेकर पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा रहा। डीसी के वापस गढ़वा लौटने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।














