आईसीयू वार्ड में तड़के लगी आग, खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
मुजफ्फरपुर : शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में गुरुवार तड़के अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी आग के कारण मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना में दम घुटने से तीन मरीजों की मौत हो गई, जबकि राहत एवं बचाव अभियान चलाकर 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 3:40 बजे अस्पताल के आईसीयू वार्ड से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। देखते ही देखते पूरा वार्ड घने धुएं से भर गया। उस समय आईसीयू में कई गंभीर मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने आईसीयू की खिड़कियां एवं दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों तक पहुंच बनाई। ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद मरीजों को बाहर निकालने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मरीजों को शहर के विभिन्न निजी एवं सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई मरीजों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर लोग काफी चिंतित और भावुक नजर आए।
फायर ऑफिसर रामनिवास पांडेय ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।













