July 26, 2026

पटना में खान सर पर FIR दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस, दो बॉडीगार्ड गिरफ्तार

24-632950226.jpg

फायरिंग के वायरल वीडियो के बाद जांच तेज, पुलिस कर रही मामले की पड़ताल

झारखंड वार्ता संवाददाता

पटना। पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर हुए हंगामे और कथित फायरिंग मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए खान सर के दो सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक सुरक्षाकर्मी हथियार से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सुरक्षा कर्मी प्रदीप कुमार और शालेश्वर प्रसाद को हिरासत में लिया। दोनों को बाद में न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियारों को भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि करीब 38 सेकेंड के वायरल वीडियो में दो से तीन राउंड फायरिंग जैसी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। मामले को लेकर पुलिस अब वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पहले फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई थी

इससे पहले खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए हमले और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं होने की बात कही थी, लेकिन बाद में वायरल वीडियो सामने आने के बाद जांच की दिशा बदल गई।

मंगलवार रात हुआ था हंगामा और पथराव

घटना मंगलवार रात कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर इलाके की बताई जा रही है, जहां खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर हंगामा, पथराव और मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान संस्थान के एक सुरक्षाकर्मी को चोट भी लगी थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र भी परिसर के बाहर जुटे थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

ख़बर को शेयर करें।