---Advertisement---

मौसेरी बहन के घर जा रहा युवक फोरलेन से सर्विस लेन में उतरने के दौरान हादसा, युवक की मौत

On: June 7, 2026 8:01 PM
---Advertisement---

तेज रफ्तार में बिगड़ा संतुलन, ब्रेकर पर गिरकर गंभीर रूप से हुआ घायल

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): राष्ट्रीय राजमार्ग-39 फोरलेन सड़क पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

मृतक की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के घघरी गांव निवासी 34 वर्षीय सोनू राम, पिता बिंदु राम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू राम रविवार दोपहर करीब दो बजे श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव स्थित अपने मामा के घर से जंगीपुर गांव में रहने वाली अपनी मौसेरी बहन के घर बाइक से जा रहा था।

इसी दौरान श्री बंशीधर नगर-धुरकी मुख्य मार्ग की ओर जाने के लिए वह फोरलेन सड़क से सर्विस लेन में उतर रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण ब्रेकर के पास उसका संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। स्वजनों के चीत्कार और विलाप से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। लोगों ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक बोर्ड, गति नियंत्रण व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर करने की मांग प्रशासन से की है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now