---Advertisement---

पलामू: किछौछा शरीफ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार,चार की दर्दनाक मौत

On: June 13, 2026 6:46 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले के मेदिनीनगर में शनिवार सुबह उस समय मातम पसर गया, जब उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध किछौछा शरीफ दरगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना उत्तर प्रदेश के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगांव इलाके में हुई। श्रद्धालुओं से भरी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में मेदिनीनगर के छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल हैं। वहीं चूड़ी व्यवसायी अजमल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। चालक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग शुक्रवार को बिहार के डेहरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसके बाद वे किछौछा शरीफ दरगाह में जियारत करने पहुंचे और देर रात करीब साढ़े बारह बजे वापस मेदिनीनगर के लिए रवाना हुए थे। लौटने के दौरान देवगांव के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। घायल अजमल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना की खबर मेदिनीनगर पहुंचते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को मेदिनीनगर लाए जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now