---Advertisement---

जमशेदपुर: पुलिस और चेन स्नेचरों के बीच मुठभेड़,फायरिंग के बाद दो गिरफ्तार

On: June 16, 2026 12:04 PM
---Advertisement---

जमशेदपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति, फायरिंग के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। टेल्को इलाके में एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे दो बाइक सवार अपराधियों का पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हालांकि गोलियां चलने के बावजूद पुलिस ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, घड़ी पार्क के पास एक महिला से चेन छिनतई की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई। साथ ही अन्य थाना क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बारीडीह गोलचक्कर होते हुए साकची की दिशा में भाग रहे थे। इसी दौरान सूर्य मंदिर मोड़ के पास पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने रास्ता बदलकर सूर्य मंदिर की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर रही पुलिस टीम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस के मुताबिक, गिरने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए एक आरोपी ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग कर दी। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में हरपाल सिंह उर्फ गबरू भी शामिल है, जो गोलमुरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से लूट, छिनतई और डकैती जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि जून 2025 में सिदगोड़ा इलाके में हुई एक डकैती की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस को संदेह है कि हाल के दिनों में शहर में हुई कई छिनतई की घटनाओं में इसी गिरोह का हाथ हो सकता है।
इधर, घटना के दौरान आसपास संदिग्ध गतिविधियां कर रहे एक व्यक्ति के रिश्तेदार को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिदगोड़ा, टेल्को, साकची, सीतारामडेरा, बिष्टूपुर और बिरसानगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now