---Advertisement---

जनता को सुरक्षा चाहिए, सिर्फ चालान नहीं,डबल डाउन घटना पर सौरभ विष्णु ने पुलिस प्रशासन को घेरा

On: June 30, 2026 2:32 PM
---Advertisement---

जमशेदपुर:बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन क्लब के बाहर हुई चाकूबाजी में युवक हिमांशु सिंह की मौत को लेकर जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिस जगह पुलिस की मौजूदगी थी, वहीं अपराधियों ने बेखौफ होकर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया। अगर अपराधियों को पुलिस का डर नहीं है और वे पुलिस के सामने ही हथियार चलाने का साहस कर रहे हैं, तो यह शहर की कानून व्यवस्था की भयावह तस्वीर है। जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में भी लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। चाकूबाजी, लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई अपराध रोकने के बजाय आम लोगों से हेलमेट और कागजात जांचने तक सीमित नजर आ रही है।

सौरभ विष्णु ने कहा, “जनता को सुरक्षा चाहिए, सिर्फ चालान नहीं। आम आदमी डर के माहौल में जी रहा है और अपराधी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं। पुलिस अगर अपराधियों पर नकेल नहीं कस पाएगी तो जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा?” बिष्टुपुर जैसे प्रमुख इलाके में देर रात तक क्लब और बार संचालित होते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, फिर भी सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे रही कि पुलिस की मौजूदगी में ऐसी घटना हो गई ? बल्कि जमशेदपुर की बिगड़ती कानून व्यवस्था का आईना है। पुलिस प्रशासन को जवाब देना होगा कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि उन्हें कानून और पुलिस का कोई डर नहीं रह गया।

विष्णु ने मांग की कि डबल डाउन क्लब के बाहर हुई घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका और किसी भी तरह की लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। शहर के संवेदनशील इलाकों, क्लबों और देर रात तक चलने वाले प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और हथियारबंद अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि जनता के मन से डर खत्म हो और कानून का राज स्थापित हो सके।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now