गढ़वा

बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह का कौवा खोह गांव में दौरा: ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जन वितरण प्रणाली दुकान पर डीलर को लगाई फटकार

ख़बर को शेयर करें

बरडीहा : ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं के त्वरित निष्पादन और विकास योजनाओं की धरातलीय हकीकत जानने के लिए आज सुबह ठीक 7:00 बजे प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ)  प्रवीण कुमार सिंह अपने आवास से 4 किलोमीटर पैदल चलकर कौवा खोह गांव पहुंचे। बीडीओ के आगमन की पूर्व सूचना मिलने पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे।
गांव पहुंचते ही बीडीओ ने ग्रामीणों के साथ एक लंबी बैठक (चौपाल) की, जिसमें मुख्य रूप से राशन नहीं मिलने, राशन कम मिलने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने जैसी शिकायतें सामने आईं।
विवाद के कारण रुका है नाली निर्माण, मुखिया को दिए निर्देश
ग्रामीणों ने शिकायत की कि रास्ते में एक स्थान पर अत्यधिक जलजमाव हो जाता है, जिससे आवागमन में भारी असुविधा होती है। मौके पर मौजूद सलगा पंचायत के मुखिया उमेश प्रजापति ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की राशि से नाली निर्माण स्वीकृत है, लेकिन कुछ ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे विवाद के कारण कार्य रुका हुआ है। इस पर बीडीओ ने कहा कि कल ही सरकारी अमीन से सड़क की मापी कराते हुए नाली निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा, ग्रामीणों ने स्कूल जाने वाले रास्ते के फिसलन भरा होने तथा आहर में पानी भरने से संभावित दुर्घटना की आशंका से भी अवगत कराया, जिस पर मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया।
चौपाल के दौरान श्री सिंह ने एसआईआर से संबंधित ग्रामीणों की सभी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपना फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ दीदी के पास जमा कर दें। उन्होंने बताया कि आगामी मंगलवार को बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
बीडीओ ने ग्रामीणों को डिजिटल माध्यमों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए ‘झार जल’ के टोल-फ्री नंबर 1800-345-6502 तथा ‘सीपी ग्राम’ पोर्टल की जानकारी दी, जिससे लोग घर बैठे चापाकल, जलमीनार की खराबी अथवा अन्य शिकायत दर्ज करा सकें।
जर्जर विद्यालय भवन और टूटी चहारदीवारी का निरीक्षण
बैठक के बाद बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों के साथ राजकीय कृत मध्य विद्यालय, कौवा खोह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की चहारदीवारी टूटी हुई पाई गई तथा दो भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में मिले। ग्रामीणों ने बताया कि इन भवनों को कंडम घोषित करने का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।
बीडीओ ने आश्वस्त किया कि भवनों को जल्द ही आधिकारिक रूप से कंडम घोषित कर ध्वस्त कराया जाएगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
मौके पर ही टोले के खराब चापाकल के संबंध में पेयजल विभाग के इंजीनियर से बात कर उसे तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया।
राशन दुकान पर डीलर को फटकार, अवैध वसूली पर चेतावनी
इसके पश्चात प्रखंड विकास पदाधिकारी ग्रामीणों के साथ जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान पर पहुंचे। दुकान के सामने सूचना पट्ट (बोर्ड) नहीं होने तथा लाभुकों की सूची प्रदर्शित नहीं किए जाने पर बीडीओ ने डीलर को कड़ी फटकार लगाई और सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कुछ ग्रामीणों ने राशन कटौती तथा धोती-साड़ी योजना में डीलर द्वारा अवैध वसूली किए जाने की शिकायत भी की। इस पर बीडीओ ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित ₹7 की राशि से एक भी रुपया अधिक किसी डीलर को न दें। यदि कोई डीलर अतिरिक्त राशि की मांग करता है तो उसका विरोध करें तथा इसकी सीधी सूचना उन्हें दें। दोषी डीलरों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण करने वाले पर होगी एफआईआर
दौरे के अंतिम चरण में बीडीओ ने गांव के कुछ भूमि विवादित स्थलों का भी निरीक्षण किया। एक स्थान पर एक व्यक्ति द्वारा सरकारी रास्ते के किनारे की मिट्टी काटकर उसे अपने खेत में मिलाने का मामला सामने आया। इस पर बीडीओ ने संबंधित व्यक्ति को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं अतिक्रमण करने के आरोप में अविलंब कानूनी प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने की चेतावनी दी।
इस औचक निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुखिया उमेश प्रजापति, बीएफटी राजेश राम, बीएलओ सुजनती कुमारी, उप प्रमुख सकेंद्र पासवान, लाला सिंह, अशर्फी सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।