नई दिल्लीरांची

सोनम वांगचुक से मिले जयराम महतो, बोले- सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से करे विचार

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता संवाददाता

रांची/नई दिल्ली। झारखंड के डुमरी विधायक एवं जेएलकेएम प्रमुख जयराम महतो ने गुरुवार देर शाम नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान जयराम महतो भावुक नजर आए और मंच से संबोधित करते हुए केंद्र सरकार से वांगचुक की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

जयराम महतो ने कहा कि सोनम वांगचुक देश और युवाओं के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उनके इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

मुलाकात के दौरान जयराम महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नेताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए।

भावुक होने के सवाल पर जयराम महतो ने कहा कि उनका जीवन भी ग्रामीण परिवेश से जुड़ा रहा है और वे आज भी अपनी मिट्टी, गांव और लोगों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की पीड़ा देखकर वे भावुक हो जाते हैं और हमेशा जनता की आवाज उठाते रहेंगे।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत विभिन्न मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर भी लगातार चिंता जताई जा रही है। वहीं, जयराम महतो की इस मुलाकात के बाद इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।