July 26, 2026

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्र संघर्ष की ऐतिहासिक जीत: निशांत चतुर्वेदी.

भास्कर न्यूज | गढ़वा जेसीएम के जिला अध्यक्ष निशांत चतुर्वेदी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों छात्रों के संघर्ष, धैर्य और छात्र शक्ति की ऐतिहासिक जीत बताया. उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर कई हफ्तों के शांतिपूर्ण आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा. यह इस्तीफा लोकतांत्रिक तरीके से लड़े गए छात्र आंदोलन की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक मंत्री का इस्तीफा नहीं है, बल्कि उन लाखों छात्रों की नैतिक जीत है जिन्होंने अपने भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर आवाज उठाई है. शिक्षा मंत्री को पहले ही इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए था. हालाँकि, देर से लिया गया यह फैसला भी छात्र आंदोलन की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जेसीएम ने शुरू से ही छात्रों की आवाज को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उठाया. शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर के बाद जिले में संगठन के कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और इसे छात्र एकजुटता की जीत बताया. उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य सिर्फ इस्तीफा देना नहीं, बल्कि देश की परीक्षा प्रणाली में व्यापक और पारदर्शी सुधार सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने केंद्र सरकार से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के कामकाज की समीक्षा करने और परीक्षा प्रणाली में आमूल-चूल सुधार करने की मांग की. साथ ही पेपर लीक और परीक्षा संबंधी तनाव के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को उचित आर्थिक मुआवजा देने और आंदोलन के दौरान छात्रों और कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी मामले तुरंत वापस लेने की भी मांग की.

Source link

ख़बर को शेयर करें।