July 26, 2026

जर्जर भवन को हटाने के दिए निर्देश

app_17849838146a64b106a5936_1001197494.jpg


भास्कर न्यूज|भरनो/गुमला माध्यमिक शिक्षा उपनिदेशक शिवेंद्र कुमार ने शनिवार को भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएमश्री मध्य विद्यालय (राजकीय बालक मध्य विद्यालय) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और पीएमश्री योजना के तहत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने विद्यालय में संधारित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं पंजियों की जांच की। उन्होंने छात्रों की उपस्थिति पंजी, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, नामांकन से संबंधित अभिलेख, शैक्षणिक गतिविधियों का रिकार्ड सहित अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों का निरीक्षण किया. इसके अलावा उन्होंने विद्यालय परिसर की आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया. उपनिदेशक ने पीएमश्री विद्यालय के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेते हुए विद्यालय की प्राचार्या तुलसी लोहरा से विद्यालय की उपलब्धियों एवं चुनौतियों पर चर्चा की. उन्होंने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाये रखने पर विशेष बल दिया तथा जर्जर एवं अनुपयोगी कमरों को तोड़ने की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे तथा छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके. इस दौरान वह कक्षाओं में भी पहुंचे और छात्रों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को पीएमश्री विद्यालय की अवधारणा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने और नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उपनिदेशक ने संबंधित अधिकारियों व शिक्षकों को निर्देश दिये. विद्यालय के समग्र विकास, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर बीईईओ घनश्याम चौबे, बीपीओ सूरज लकड़ा, बीआरपी शमीम इजाज, सीआरपी विजय कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक तुलसी लोहरा, शिक्षक ओम प्रकाश गुप्ता सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे.

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed