रांची का बिरसा मुंडा हवाई अड्डा. (फोटो-ईटीवी भारत)
रांची: तकनीकी समस्या सामने आने के बाद शनिवार रात रांची के बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। विमान तय समय पर भुवनेश्वर से रांची पहुंच गया था, लेकिन वापसी से पहले रूटीन जांच में तकनीकी खराबी पाए जाने के कारण इसे तुरंत ग्राउंड कर दिया गया. इस दौरान विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं हुआ।
विमान भुवनेश्वर से रांची पहुंचा था
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम इंडिगो की फ्लाइट भुवनेश्वर से रांची पहुंची. विमान के रांची पहुंचने के बाद इंजीनियरिंग टीम ने नियमित तकनीकी निरीक्षण किया. जांच के दौरान विमान में तकनीकी खराबी सामने आई, जिसके बाद एहतियात के तौर पर विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया.
यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया
इधर, भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और सभी यात्री विमान में अपनी सीटों पर बैठ चुके थे. इस बीच तकनीकी जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद एयरलाइन ने उड़ान रद्द करने का फैसला किया. इसके बाद यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी गई और उन्हें सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया. अचानक उड़ान रद्द होने से यात्रियों को कुछ देर इंतजार करना पड़ा, हालांकि एयरलाइन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई.
यात्रियों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. रांची से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की एक और फ्लाइट रद्द कर दी गई और उसके विमान का इस्तेमाल भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों के लिए किया गया, ताकि उन्हें ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े.
पूरे घटनाक्रम पर एयरपोर्ट प्रशासन की नजर बनी रही. तकनीकी टीम ने विमान की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. जब तक विमान सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरी तरह सुरक्षित नहीं पाया जाएगा, उसे उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक ने की पुष्टि
इस संबंध में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद नियमित तकनीकी जांच के दौरान कमी पायी गयी. यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एहतियात के तौर पर विमान को रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं और एयरलाइन ने उनके लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित की है.
विमानन विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी भी विमान में तकनीकी खराबी का संदेह होने पर उसे तुरंत उड़ान भरने से रोकना अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का हिस्सा है। ऐसे मामलों में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विस्तृत जांच के बाद ही विमान को दोबारा संचालित करने की अनुमति दी जाती है।
ये भी पढ़ें-
जुलाई में रांची से 23 नियमित उड़ानें, दिल्ली-बेंगलुरु समेत 10 शहरों की एयर कनेक्टिविटी बेहतर
खराब मौसम के कारण रांची आने वाली चार उड़ानों को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया.
कोलकाता-रांची इंडिगो फ्लाइट डायवर्ट, यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था






